आज फैंस होंगे मायूस? टेस्ट मैच में बारिश डाल सकती है खलल, जानें मौसम अपडेट – News18 हिंदी
शिखा श्रेया/रांची. पिछले 24 घंटे में झारखंड की राजधानी रांची में मौसम शुष्क रहा, दोपहर में धूप देखने को मिली. हालांकि, आंशिक बादल भी छाए रहे. ऐसा ही मौसम प्रदेश के अन्य जिलों में भी रहा. लेकिन, आज का मौसम बदलने वाला है. इसका असर जेसीए स्टेडियम में होने वाले भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच पर भी दिखेगा, जिससे फैंस को थोड़ा निराश होना पड़ सकता है.
रांची मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ का असर झारखंड में देखा जा रहा है. इस वजह से आज राज्य में कई जगह अच्छी-खासी बारिश देखी जाएगी. वहीं, कुछ जिलों में वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. रांची में भी बारिश की संभावना है. वहीं, टेस्ट मैच में बारिश खलल डाल सकती है, जिससे दर्शकों का मजा खराब हो सकता है.
इन जिलों में वज्रपात को लेकर अलर्ट
मौसम केंद्र के अनुसार, कुछ जिलों में आज वज्रपात की आशंका है, इसमें खासतौर पर गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, हजारीबाग, रांची, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, साहिबगंज व पाकुड़ शामिल हैं. इन जिलों में लोगों को थोड़ा सचेत रहने की जरूरत है. ऐसी स्थिति में फौरन सुरक्षित स्थान में शरण लें, पेड़ के नीचे भूलकर भी न खड़े रहें.
ठंड से मिली राहत
वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी के बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलती दिख रही है. बोकारो का तापमान 17.8 डिग्री, चतरा 17.5, देवघर 17.7, गढ़वा 16.6, धनबाद 15.8, खूंटी 15.9, गुमला 10.7, गिरिडीह 17.9, रांची 17, जमशेदपुर 19.6, चाईबासा 16, पश्चिमी सिंहभूम 16, लातेहार 16.8, लोहरदगा 15.4 व साहिबगंज का 16.5 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
.
Tags: Cricket Matches Today, Jharkhand weather News, Local18, Ranchi news
FIRST PUBLISHED : February 23, 2024, 08:12 IST