भारत को वर्ल्ड कप जिताने वाले इन खिलाड़ियों से मिले CM एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा में किया सम्मानित
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब 29 जून को अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही आईसीसी ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का लंबा इंतजार भी खत्म हुआ। भारत ने रोहित शर्मा की कप्तानी में वर्ल्ड कप का खिताब जीता। रोहित शर्मा भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बने हैं। इससे पहले एमएस धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2007 में इस खिताब को जीता था। टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका की टीम को 7 रनों से हराया। टीम इंडिया 4 जुलाई को ट्रॉफी के साथ जब भारत लौटी तो उन्हें हर जगह काफी सम्मान दिया गया। इस दौरान खिलाड़ियों को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी सम्मानित किया।
रोहित शर्मा समेत इन खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार, 5 जुलाई को मुंबई में अपने घर पर भारत की टी20 विश्व कप 2024 टीम में शामिल महाराष्ट्र के क्रिकेटरों से मुलाकात की। महाराष्ट्र के सीएम ने रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, शिवम दुबे और यशस्वी जायसवाल को भारत की टी20 विश्व कप जीत में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया। भारतीय क्रिकेटरों और फैंस ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भव्य विक्ट्री परेड और सम्मान समारोह के साथ टी20 विश्व कप 2024 की सफलता का जश्न मनाया। एकनाथ शिंदे ने मालाबार हिल्स क्षेत्र में स्थित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास वर्षा बंगले में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से जुड़े क्रिकेटरों को आमंत्रित किया। इसके अलावा महाराष्ट्र सरकार ने भी क्रिकेटरों को विधानसभा के सामने सम्मानित करने के लिए आमंत्रित किया।