चेतेश्वर पुजारा ने एक झटके में ब्रायन लारा को छोड़ा पीछे, करियर में हासिल की बड़ी उपलब्धि


चेतेश्वर पुजारा और ब्रायन लारा- India TV Hindi

Image Source : GETTY
चेतेश्वर पुजारा और ब्रायन लारा

Cheteshwar Pujara Career: चेतेश्वर पुजारा भारतीय टेस्ट टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टेस्ट स्क्वाड में चांस नहीं मिला है। वह इस समय रणजी ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं और शतक लगाकर उन्होंने टीम इंडिया में वापसी के लिए हुंकार भरी है। रणजी ट्रॉफी 2024 में इस समय छत्तीसगढ़ और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में पुजारा ने बेहतरीन बल्लेबाजी की है और अपनी टीम को संकट से निकाल लिया है। 

पुजारा ने फर्स्ट क्लास करियर का लगाया 66वां शतक

चेतेश्वर पुजारा ने सौराष्ट्र के लिए खेलते हुए छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक लगाया। वह अभी 138 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। उन्होंने अपनी पारी में 15 चौके भी लगाए हैं। पुजारा के फर्स्ट क्लास करियर का ये 66वां शतक है। इसी के साथ उन्होंने दिग्गज ब्रायन लारा को पीछे कर दिया है। लारा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 65 शतक लगाए थे। भारत के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक सचिन तेंदुलकर और सुनील गावस्कर ने लगाए हैं। इन दोनों ही प्लेयर्स के नाम 81-81 शतक दर्ज हैं। 

फर्स्ट क्लास में भारत के लिए चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर

छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक जड़ते ही चेतेश्वर पुजारा ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने 21000 रन पूरे कर लिए हैं। वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं। भारत के लिए फर्स्ट क्लास में उनसे ज्यादा रन सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने बनाए हैं। भारत के लिए फर्स्ट क्लास में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड गावस्कर के नाम है। उन्होंने 25834 रन बनाए हैं। 

टीम इंडिया के लिए साल 2010 में किया डेब्यू

चेतेश्वर पुजारा एक बार क्रीज पर टिक गए, तो उन्हें आउट करना मुश्किल हो जाता है। उनके टेक्निक बहुत ही अच्छी है। उन्होंने भारतीय टीम के लिए टेस्ट में साल 2010 में डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 103 टेस्ट मैचों में 7195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। लेकिन खराब फॉर्म की वजह से उन्हें टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। 

यह भी पढ़ें: 

दूसरे टेस्ट से पहले रोहित शर्मा की बढ़ी टेंशन, अब लेना होगा बहुत बड़ा फैसला

जम्मू-कश्मीर के किसी बल्लेबाज ने पहली बार किया ऐसा कारनामा, 22 साल के खिलाड़ी ने रचा इतिहास

Latest Cricket News





Source link

x