झारखंड में आज से मानसून का ट्रेलर, तेज हवा, बारिश, वज्रपात, जानें रांची मौसम केंद्र का ये अलर्ट


रांची. झारखंड की राजधानी रांची में बीते 24 घंटे के दौरान दोपहर में बादल तो शाम होते-होते हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया. यहां का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा. वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक तापमान गढ़वा में 43.7 डिग्री व सबसे कम तापमान देवघर में 25.7 डिग्री दर्ज किया गया. गुरुवार के मौसम की बात करें तो आज पूरे राज्य में बारिश की संभावना है.

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि दो-तीन दिनों में मानसून भी झारखंड में दस्तक देने वाला है. अभी से ही इसका हल्का असर देखने को मिल रहा है. आज दिनभर बादल छाए रहेंगे और छुटपुट कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है. बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन सर्कुलेशन का असर भी हल्की बारिश के रूप में देखा जा सकता है.

आज तेज हवा भी चलेगी
वहीं, आज पूरे राज्य में हल्की बारिश के साथ वज्रपात को लेकर भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को इस दौरान काफी सचेत होकर रहना होगा. इस दौरान कोई सुरक्षित स्थान में शरण ले सकते हैं. वहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी. हल्की बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट संभव है.

जिलों का संभावित तापमान
आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम 37 व न्यूनतम 27 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 40 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 37 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम 37 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री तापमान दर्ज किया जा सकता है.

Tags: Jharkhand weather News, Local18, Monsoon Update, Ranchi news



Source link

x