बंगाल के बादलों ने झारखंड में मचाया तहलका! अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, जानें पूरा अपडेट


रांची. बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ने झारखंड के आसमान को घेर लिया है. बीते 24 घंटे में राजधानी रांची बारिश से पानी-पानी हो गई. यहां 150 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई. वहीं, मंगलवार को भी बारिश को लेकर गढ़वा, पलामू, लातेहार और सिमडेगा में रेड अलर्ट जारी किया गया है. कुछ जिलों में ऑरेंज व येलो अलर्ट भी है. इस तरह की स्थिति फिलहाल आने वाले 24 घंटे तक रहने की उम्मीद है.

रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन अब दीप डिप्रेशन में बदल गया है. इसी कारण लगातार बीते 24 घंटे से बारिश देखी जा रही है. खास कर राजधानी रांची समेत कुछ अन्य जिलों में आने वाले 24 घंटे तक ऐसी स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, इसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी. प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

यहां लोग हो जाएं अलर्ट
आज कुछ जिले में लोगों को काफी सतर्क रहने की जरूरत है. क्योंकि, कुछ जिले जैसे हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, रांची, धनबाद में येलो अलर्ट है. लोहरदगा, गुमला, खूंटी व पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट है. यहां पर बारिश के साथ-साथ वज्रपात व हवा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है.

खेती के लिए जबरदस्त लाभ
बारिश से खासकर राजस्थानी रांची व जमशेदपुर के हालत ज्यादा खराब हैं. यहां जनजीवन अस्त-व्यस्त है. हालांकि, इस बारिश से खासतौर पर डिफिशिएंसी रेट में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है. डिफिशिएंसी रेट अब तक -15 पर था. अब -6 पर आ चुका है. वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इससे खासकर ग्राउंड वाटर रिचार्ज होगा और ये एक अच्छे मानसून का संकेत हैं. यह कृषि के लिए जबरदस्त लाभ देगा.

जिलों का संभावित तापमान
आज के संभावित तापमान की बात करें तो देवघर, दुमका, धनबाद, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज में अधिकतम 30 व न्यूनतम 25 डिग्री, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू में अधिकतम 28 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी, गुमला में अधिकतम 30 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री और पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला में अधिकतम 30 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री तापमान दर्ज किया जा सकता है.

Tags: Heavy rain alert, Jharkhand weather News, Local18, Ranchi news



Source link

x