मंत्रिमंडल विस्तार: आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल बने केंद्रीय राज्यमंत्री, पढ़ें इनका राजनीतिक सफर (sp singh baghel)

SP Singh Baghel: सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल उत्तर प्रदेश सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने सबसे पहला चुनाव समाजवादी पार्टी में रहते हुए जीता। इसके बाद बसपा से राज्यसभा भेजे गए। अब मोदी सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री बनाए गए हैं। 

विस्तार

आगरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल (सत्य पाल सिंह बघेल) केंद्र सरकार में मंत्री बन गए हैं। उन्होंने बुधवार शाम को राज्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण ली। केंद्रीय कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद समर्थक और भाजपाई उनको सोशल मीडिया पर बधाई दे रहे हैं।  

भाजपा सांसद एसपी सिंह बघेल की राजनीतिक सफर की कहानी बड़ी रोचक है। वह उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर रह चुके हैं। यूपी पुलिस में रहते हुए उन्हें मुलायम सिंह यादव की सुरक्षा करने का मौका मिला। यहीं से उनकी किस्मत बदलना शुरू हो गई। बघेल ने अपना पहला चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर जीता था।  

1998 में पहला चुनाव जीतकर बने विधायक 
मुलायम सिंह यादव ने एसपी सिंह बघेल को जलेसर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी के तौर पर 1998 में पहली बार उतारा था। वह चुनाव जीत गए। उसके बाद दो बार सांसद चुने गए। 2010 में बसपा ने उन्हें राज्यसभा में भेजा। साथ ही राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी दी। 

वर्ष 2014 में फिरोजाबाद लोकसभा से सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के पुत्र अक्षय यादव के सामने चुनाव लड़े। हालांकि वह यह चुनाव हार गए। इसके बाद उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए गए।

यूपी सरकार में भी रह चुके हैं मंत्री
विधानसभा चुनाव 2017 में एसपी सिंह बघेल फिरोजाबाद की टूंडला सुरक्षित सीट से विधायक बने। इस जीत के बाद एसपी सिंह बघेल को प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद भाजपा ने आगरा लोकसभा क्षेत्र से उन्हें टिकट दिया, तो यहां से भी प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शानदार जीत दर्ज की। बघेल को आगरा से वर्तमान सांसद रामशंकर कठेरिया का टिकट काटकर चुनाव लड़वाया गया था।  

x