IND vs ENG: फॉर्म में लौटे रोहित शर्मा, द्रविड़ का महाकीर्तिमान ध्वस्त, ठोका तीसरा सबसे तेज अर्धशतक


Rohit Sharma

Image Source : GETTY
रोहित शर्मा

IND vs ENG: सब्र का फल मीठा होता है और रोहित शर्मा से बेहतर ये कौन जान सकता है। लगभग 6 महीने से खराब फॉर्म का सामना कर रहे रोहित शर्मा ने बल्ले से वो कारनामा कर दिया है, जिसका फैंस को लंबे समय से इंतजार था। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने धमाकेदार अर्धशतक ठोक अपनी खराब फॉर्म को टाटा, बाय-बाय कह दिया। रोहित ने शुभमन गिल के साथ मिलकर भारतीय पारी का ताबड़तोड़ अंदाज में आगाज किया। रोहित की धुआंधार बल्लेबाजी के दम पर भारत का स्कोर 7 ओवर में ही 50 रन के पार पहुंच गया। इसके 2 ओवर बाद ही रोहित ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। रोहित ने महज 30 गेंदों पर पचासा जड़ा जो वनडे में उनका तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इस अर्धशतकीय पारी में हिटमैन ने 5 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के जड़े। 

वनडे में रोहित शर्मा के सबसे तेज अर्धशतक (गेंदों के हिसाब से)

  • 27 बनाम बांग्लादेश, मीरपुर 2022
  • 29 बनाम श्रीलंका, कोलंबो आरपीएस 2024
  • 30 बनाम अफगानिस्तान, दिल्ली 2023
  • 30 बनाम इंग्लैंड, कटक 2025
  • 31 बनाम ऑस्ट्रेलिया, राजकोट 2023

रोहित ने अपने वनडे करियर में 58वां अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामलें में राहुल द्रविड़ को पछाड़ दिया। रोहित अब वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के 10वें बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, राहुल द्रविड़ सबसे ज्यादा वनडे रन वाले बल्लेबाजों के क्लब में टॉप-10 से बाहर हो गए हैं। 

ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • सचिन तेंदुलकर- 18426 रन 
  • कुमार संगकारा- 14234 रन 
  • विराट कोहली- 13906 रन 
  • रिकी पोंटिंग- 13704 रन 
  • सनथ जयसूर्या- 13430 रन 
  • महेला जयवर्धने 12650 रन 
  • इंजमाम उल हक- 11739 रन 
  • जैक कैलिस- 11579 रन 
  • सौरव गांगुली- 11363 रन 
  • रोहित शर्मा- 10920 रन
  • राहुल द्रविड़- 10889 रन 

रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने 16 ओवर में ही टीम इंडिया का स्कोर 127 रन पहुंचा दिया। इस तरह दोनों ने 2023 के बाद से वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी का रिकॉर्ड बना दिया। 2023 से दोनों बल्लेबाज वनडे में 6 बार 100 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं।

2023 के बाद से वनडे में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियां

  • 6 – रोहित शर्मा और शुभमन गिल (27 पारियां)
  • 5 – इब्राहिम जाद्रान और रहमानुल्लाह गुरबाज़ (24 पारियां)
  • 4 – कुसल मेंडिस और सदीरा समरविक्रमा (23 पारियां)
  • 4 – मैक्स ओ’डॉड और विक्रमजीत सिंह (28 पारियां)

Latest Cricket News





Source link

x