MI और KKR के धुरंधरों ने CPL में मचाई तबाही, धोनी के चेले ने अफगान बॉलर के साथ बरपाया कहर


Andre Russell and Kieron Pollard- India TV Hindi

Image Source : GETTY
आंद्रे रसेल और कायरन पोलार्ड

कैरेबियन प्रीमियर लीग यानी CPL 2024 का जलवा जारी है। CPL के के 28वें मुकाबलें में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने बारबाडोस रॉयल्स के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से कप्तान कायरन पोलार्ड ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए महज 27 गेंदों पर 42 ठोक डाले। इस पारी के दौरान पोलार्ड ने साउथ अफ्रीकी गेंदबाज केशव महाराज की जमकर कुटाई की। उन्होंने केशव महाराज के ओवर में लगातार 3 गगनचुंबी छक्के जड़े। पोलार्ड ने 13वें ओवर में अपने स्पेल का आखिरी ओवर फेंकने आए केशव महाराज का छक्के से स्वागत किया और फिर अगली दोनों गेंदों को भी सीमा रेखा के पार भेज दिया। पोलार्ड ने 27 गेंदों पर 4 छक्कों की मदद से 42 रनों की पारी खेली।

इस पारी के दौरान पोलार्ड को हमवतन और KKR के धाकड़ ऑलरांडर आंद्रे रसेल का भरपूर साथ मिला। रसेल ने महज 12 गेंदों का सामना करते हुए 31 रन ठोक डाले जिसमें उनके बल्ले से एक चौका और 4 छक्के निकले। इस पारी के दौरान उन्होंने CPL में अपने नाम एक बड़ा कीर्तिमान भी कर लिया। दरअसल, अपनी पारी का दूसरा छक्का लगाते ही रसेल ने CPL में 150 छक्के लगाने का बड़ा कारनामा कर दिखाया। रसेल और पोलार्ड की तूफानी पारी की बदौलत ट्रिनबागो नाइट राइडर्स 175 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की ओर से जहां पोलार्ड और रसेल ने कमाल किया तो वहीं बारबाडोस रॉयल्स के लिए गेंदबाजी में CSK और महेंद्र सिंह धोनी के चहेते महीश तीक्ष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 बड़े बल्लेबाजों का शिकार किया। तीक्ष्णा ने 4 ओवर में 35 रन देकर आंद्रे रसेल, कायरन पोलार्ड और जेसन रॉय को आउट किया। जेसन को तीक्ष्णा ने पहले ही ओवर में डक पर चलता किया। तीक्ष्णा को अफगान गेंदबाज नवीन उल हक का पूरा साथ मिला। नवीन ने तीक्ष्णा की तरह 3 शिकार किए। नवीन ने खतरनाक निकोलस पूरन, कीसी कार्टी और टिम डेविड को अपना शिकार बनाया। 

इस मैच में भले ही निकोलस पूरन 27 रन बनाकर आउट हुए लेकिन उन्होंने एक साल में T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रनों का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूरन ने पाकिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ा। 

एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

  • निकोलस पूरन – 2059 रन (साल 2024)
  • मोहम्मद रिजवान – 2032 रन (साल 2021)
  • एलेक्स हेल्स – 1946 रन (साल 2022)
  • जोस बटलर – 1833 रन (साल 2023)
  • मोहम्मद रिजवान – 1817 रन (साल 2022)

 

Latest Cricket News





Source link

x