MP Weather: मध्य प्रदेश में लौटी कड़ाके की ठंड, न्यूनतम पारा 4.5 डिग्री पहुंचा, आज इन जिलों में शीतलहर से बचें
Agency:News18 Jharkhand
Last Updated:
MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में कश्मीर से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है. कई जिलों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा है. मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों के लिए शीतलहर का अलर्ट किया है. जानें पूरा अपडे…और पढ़ें
भोपाल में दिन के तापमान में भी उछाल दर्ज किया गया.
हाइलाइट्स
- मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ी, न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री
- भोपाल, रीवा, सागर में तापमान सामान्य से कम
- शहडोल, राजगढ़, शाजापुर में शीतलहर का अलर्ट
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित प्रदेश भर में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर देखा जा रहा है. शनिवार को राजधानी भोपाल के दिन के तापमान में कुछ उछाल देखा गया. वहीं, बीती रात यहां ठिठुरन और कड़ाके की ठंड देखी गई. जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवा की वजह से अचानक राजधानी भोपाल सहित प्रदेश का मौसम बदला है. न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात प्रदेश के अधिकतर शहरों के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई. भोपाल में शुक्रवार सुबह से सर्द हवाएं चलती रहीं, जिससे रात में ठंड बढ़ गई. बता दें, भोपाल, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में इस प्रकार बदलाव है.
इन जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के शहडोल, राजगढ़, शाजापुर, उमरिया, छतरपुर और सिंगरौली में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है. वहीं, छतरपुर, टीकमगढ़, मंडला, ग्वालियर, सीहोर, नीमच, रायसेन, सतना, जबलपुर, गुना, सीधी, दमोह, रीवा, भोपाल, नर्मदापुरम और निवाड़ी में हल्का शीतलहर का प्रभाव देखने को मिल सकता है.
तेजी से गिरा रात का पारा
प्रदेश के पांच सबसे न्यूनतम तापमान वाले शहरों में शहडोल जिले के कल्याणपुर शहर की रात सबसे ठंडी रही. यहां पारा 4.5 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा राजगढ़ में 5 डिग्री, गिरवर (शाजापुर) में 5.8 डिग्री, उमरिया/नौगांव (छतरपुर) में 6.1 डिग्री और देवरा (सिंगरौली) में 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
जाने क्यों बना ऐसा मौसम
बता दें, उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्र इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं. वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण दिन व रात के तापमान में गिरावट हो रही है. इस वजह से रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है. साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ अभी ईरान के आसपास है, जिसके प्रभाव से रविवार से एक बार फिर तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी.
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान | AQI |
भोपाल | 27.2 डिग्री | 9.4 डिग्री | 129 |
इंदौर | 29.4 डिग्री | 13.9 डिग्री | 93 |
जबलपुर | 26.5 डिग्री | 8.6 डिग्री | 107 |
ग्वालियर | 27.5 डिग्री | 8.3 डिग्री | 205 |
उज्जैन | 30 डिग्री | 11.4 डिग्री | 73 |
Bhopal,Madhya Pradesh
February 09, 2025, 06:41 IST